भाजपा सरकार में हुआ किसानों का सबसे अधिक उत्पीड़न – रामकिशन ओझा

 नवींन मंडी में किसानों, मजदूरों से संवाद करते कांग्रेस नेता

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा तथा पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान सोमवार को जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद और जनपद के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ नवीन मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों, आढ़तियों और खेतिहर मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना और उनसे सीधे संवाद किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा ने कहा कि आज देश में किसानों, खेतिहर मजदूरों और व्यापारियों के सामने उत्पीड़न और आर्थिक संकट की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसानों को उनकी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने का वादा करने वाली सरकार आज अपने ही वादे से मुकर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों का सबसे अधिक शोषण भी इसी सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों और उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। सरकार के इस रवैये का नतीजा है कि समृद्ध किसान भी गरीब किसानों की श्रेणी में आ गए हैं और गरीब किसान मजदूरी करने की स्थिति में पहुंच गए हैं। पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान ने कहा कि महिला श्रमिकों को समान कार्य के लिए पुरुषों की अपेक्षा कम मजदूरी मिलने की शिकायतें सामने आती हैं, जिसके कारण उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा अधिनियम को समाप्त किए जाने से मजदूरों के सामने आजीविका का गंभीर संकट पैदा हो गया है। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *