पत्रकारों से वार्ता करतीं प्रदेश प्रवक्ता प्रेरणा जुबैरी साथ मे जिला व शहर अध्यक्ष
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देशानुसार राहुल गांधी के नेतृत्व एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा व मनीष हिंदवी के ऑब्जर्वेशन में प्रदेश प्रवक्ताओं की लिस्ट जारी की गई जिसमें इटावा ज़िले की प्रवक्ता प्रेरणा ज़ुबैरी को उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता के पद पर मनोनीत किया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रेम किशोर द्विवेदी के आवास पर ज़िला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित एवं शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रेरणा जुबैरी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग में प्रदेश प्रवक्ता मनोनीत किए जाने पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कांग्रेस की ओर से जारी नई मीडिया टीम की सूची में प्रेरणा जुबैरी का नाम प्रदेश प्रवक्ताओं में शामिल है। इस अवसर पर प्रेरणा जुबैरी ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो ज़िम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि अपनी शिष्ट और मर्यादित भाषा में सदैव संगठन का पक्ष और समाज से जुड़े मुद्दों को मुखरता और मजबूती के साथ मीडिया के माध्यम से आम जनता के समक्ष रखती रहेगीं। उन्होंने इटावा ज़िला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे इस पार्टी में सम्मान के साथ-साथ छोटे और बड़े सबका समर्थन व अपार स्नेह मिला और उनके आशीर्वाद से आज इतने बड़े पद पर मनोनयन कर कांग्रेस जैसे बड़े संगठन ने मुझ पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दिए गए इस उत्तरदायित्व का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करूंगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली सरकार के शासनकाल में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, पीसीसी मेंबर कोमल कुशवाहा, ज़िला महासचिव अनूप परमार, मुइनुद्दीन ज़ुबैरी, सोशल मीडिया प्रभारी पदम दुबे, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, इंतिख़ाब आलम, दीपक राज, अविरल प्रताप सिंह परमार, सीपीआईएम ज़िला सचिव मंडल सदस्य कामरेड प्रेमशंकर यादव सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
