डालसा ने बाढ़ पीड़ितों के अधिकार एवं सहायता विषय पर लगाया जागरूकता शिविर

उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में बच्चों के साथ अधिकार मित्र डालसा

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज रजत सिंह जैन एवं पूर्ण कालिक सचिव आरती द्विवेदी के निर्देश पर बाढ़ आपदा प्रभावित क्षेत्र ग्राम धूमनपुरा स्थित उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में अधिकार मित्रों द्वारा बाढ़ पीड़ितों के अधिकार एवं सहायता विषय पर जागरूकता शिविर लगाया गया। वरिष्ठ अधिकार मित्र संतोष कुमार त्रिवेदी ने बताया कि डालसा ने न्याय जनता के द्वार की अवधारणा को चरितार्थ करते हुए आज यहां विधिक जागरूकता शिविर लगाया ताकि आपदा की स्थिति आने पर प्रभावित लोग बचाव और राहत का लाभ उठा सकें। अधिकार मित्र सुधीर मिश्र ने कहा कि आपदाएं प्रकृति जन्य और मानवीय, दोनों स्तर की होती हैं, जिनसे पीड़ित लोगों को सहायता दी जाती है, जिसमें कानूनी स्तर से भी निःशुल्क मदद दिए जाने का प्रावधान किया गया है। अधिकार मित्र डॉ. ज्योति वर्मा ने कहा कि धूमनपुरा क्षेत्र में यह शिविर लगाने का उद्देश्य यही है कि यमुना नदी के करीब होने के कारण बारिश के दिनों में यहां अक्सर बाढ़ की स्थिति देखी गई है, जिससे इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को शारीरिक एवं आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ता है, लेकिन सरकार के स्तर पर ऐसे बाढ़ पीड़ितों को भोजन, आवास, चिकित्सा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिसकी जानकारी देने के लिए हम लोग आपके बीच आए हैं। इस अवसर पर अधिकार मित्रों ने डालसा द्वारा विधिक जागरूकता बिंदुओं को लेकर प्रसारित पोस्टर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मदन मोहन को भेंट किया। उन्होंने उनके विद्यालय में जागरूकता शिविर लगाने के लिए डालसा के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में भारी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *