
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर। थाना जसवंतनगर क्षेत्र के जसोहन गांव में सोमवार दोपहर पथरी बाबा मंदिर के पास यमुना नदी में झाड़ियों में फंसा करीब 30-35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमल भाटी एवं उपनिरीक्षक ललित कुमार चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों एवं तैराकों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया गया।
पुलिस द्वारा आसपास के ग्रामीणों को मौके पर बुलाकर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। आवश्यक पंचायतनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि महिला की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि महिला की पहचान अथवा घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।
