जनगणना के लिए फील्ड ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण

जनगणना प्रशिक्षण को लेकर निर्देश देते डीएम

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्य को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपादित किए जाने के उद्देश्य से कुल 60 फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 30-30 के 2 बैच में 9 अक्टूबर व 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक जनपद के कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में प्रातः 9 बजे से प्रारम्भ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी / प्रमुख जनगणना अधिकारी के संबोधन से हुआ। जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए सभी फील्ड ट्रेनर्स से प्रशिक्षण को गंभीरता एवं पूरी तत्परता के साथ प्राप्त करने तथा आगामी जनसंख्या गणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं, प्रक्रियाओं एवं दायित्वों के संबंध में मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा तथा मो. जावेद खान द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को आगे संबंधित गणना कर्मियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। जनपद में फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 अक्टूबर से 3 बैच में दिया जाना प्रस्तावित है। द्वितीय चरण में स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके बाद जनसंख्या गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिपिन कुमार अपर जिलाधिकारी / जिला जनगणना अधिकारी, राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर / प्रभारी अधिकारी जनगणना, श्वेता मिश्रा उप जिलाधिकारी न्यायिक सैफई, बृजेन्द्र गोयल जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी एवं पुलकिता शर्मा जिला प्रभारी जनगणना उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *