करंट विज़न संवाददाता
प्रयागराज। सिविल लाइंस क्षेत्र में प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास नकास कोना जाने वाली सड़क पर स्थित “मुरादाबादी व हैदराबादी बिरयानी” रेस्टोरेंट में खाद्य गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जिससे आमजन में आक्रोश व्याप्त है। ग्राहक उवैस ने आरोप लगाया कि उन्हें परोसी गई बिरयानी की प्लेट में मक्खी जैसी गंदगी मिली, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इस संबंध में दुकानदार को अवगत कराया, तो गलती स्वीकार करने के बजाय दुकानदार कथित रूप से अभद्र व्यवहार पर उतर आया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और खाद्य सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित प्रतिष्ठान में साफ-सफाई के नियमों की अनदेखी की जा रही है और खुलेआम मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट का लाइसेंस नंबर 22722597000316 है, बावजूद इसके नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। घटना के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा ऐसे प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाता है या नहीं। यदि निरीक्षण होता है, तो फिर इस प्रकार की लापरवाही सामने कैसे आ रही है। लोगों ने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई न होने पर भविष्य में कोई गंभीर हादसा भी हो सकता है।पीड़ित ग्राहक ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से संबंधित विभाग से शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं आमजन ने भी प्रशासन से अपील की है कि खाद्य प्रतिष्ठानों पर नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।इस संबंध में जब खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह जी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है, जानकारी प्राप्त होते ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
