संवाददाता
करंट विज़न इमरान खान
इटावा : पवित्र इस्लामिक महीने रमज़ान की आज से शुरुआत हो गई है। इस पाक महीने के आगमन के साथ ही शहर के बाज़ारों में एक अलग ही रौनक देखने को मिल रही है। रमज़ान के पहले दिन ही खरीदारों की भीड़ बाज़ारों में उमड़ पड़ी, जहाँ लोगों ने सेहरी और इफ्तार की जरूरत की चीज़ों की खरीदारी की।
विशेष रूप से खजूर की दुकानों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई, क्योंकि रोज़ा खोलने की सुन्नत खजूर से ही अदा की जाती है। दुकानदारों ने विभिन्न किस्मों के खजूर, फल, मिठाइयाँ और पारंपरिक पेय पदार्थों की विशेष रेंज सजाई है। बाज़ारों में चहल-पहल और खरीदारों के उत्साह से साफ झलक रहा है कि रमज़ान के इस पाक महीने में लोगों में कितना उत्साह है।
दुकानदारों का कहना है कि रमज़ान के दौरान इफ्तार की तैयारियों के लिए खजूर, फल, चना, समोसे और पकोड़े जैसी चीज़ों की सबसे अधिक मांग रहती है। वहीं, खरीदारों का भी कहना है कि रमज़ान की बरकत और पवित्रता का माहौल बाज़ार की इस रौनक में झलकता है। शहर भर में इस्लामिक महीने के आगमन के साथ ही रोज़ेदारों में धार्मिक उत्साह और सौहार्द का माहौल देखा जा रहा है।
