करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंगलपुर टकौली निवासी भारतीय वायु सेना के जवान विवेक सचान का सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मिलीये जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को पतारा के टेढ़ा मोड़ पर ऑटो और कार की आमने-सामने भिड़ंत में विवेक सचान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। तीन दिन तक चले उपचार के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।विवेक सचान भारतीय वायु सेना में एयरक्राफ्ट टेक्निकल पद पर तैनात थे और इस समय असम के बागडोगरा में सेवाएं दे रहे थे। वह अपने पीछे पत्नी शिल्पी, एक वर्षीय पुत्र सात्विक सचान, माता प्रभा देवी और पिता चंद्रशेखर सचान सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।पैतृक गांव मंगलपुर टकौली में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। एयर फोर्स की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी और माहौल गमगीन रहा।
