करंट विज़न संवाददाता
इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के तत्वावधान में ग्राम पंचायत वघुईया के प्राथमिक विद्यालय में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम पंचायत ‘वघुईया’ को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से गोद लेने की घोषणा भी की गई।कार्यक्रम में उपस्थित संकायाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. आदेश कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, तेजी से वजन कम होना अथवा लगातार कमजोरी महसूस हो रही हो, तो उसे तुरंत टीबी की जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टीबी की सभी जांच एवं उपचार सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध हैं, इसलिए समय पर जांच और उपचार अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम पंचायत वघुईया को गोद लिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और हम आशा करते हैं कि हमारे संयुक्त प्रयास से शीघ्र ही यह ग्राम पंचायत ‘वघुईया’ टीबी मुक्त घोषित होगी।इस अवसर पर रेस्पिरेटरी विभाग के संकाय सदस्य,ग्राम प्रधान राकेश यादव एवं और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद कुलपति व अन्य।
