केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर शुरू की मामा कोचिंग- लिए 5 बड़े संकल्प।

 हजारों लोग पेड़ लगाकर बने शिव वृक्ष मित्र।

उपहार नहीं, उपकार का संदेश- जन्मदिन पर हजारों लोगों ने लगाए पौधे

मामा कोचिंग क्लासेस से युवा करेंगे प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी

मेधावी छात्रों के लिए प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान, टॉपर्स को मिलेंगे पुरस्कार

गांव-गांव पहुंचेगा मामा चलित अस्पताल, सांसद निधि से होगा संचालन

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी जाएंगी

सामाजिक समरसता, स्वदेशी सहित सुखी समाज के लिए पाँच संकल्प

भोपाल- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपना जन्मदिवस ‘प्रेम और सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया। राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में सुबह पूरे परिवार के साथ पौधरोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, तो वहीं अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में जनसेवा के पाँच बड़े संकल्प लिए। उन्होंने अपने जन्मदिन पर फूल-माला, होर्डिंग्स-बैनर के स्थान पर ‘उपहार नहीं, उपकार’ का मंत्र देते हुए सभी से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया था। आज हजारों शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं ने देश भर में पौधे लगाए और अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर उन्हें बधाई दी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय़ अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सभी केन्द्रीय मंत्रियों और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उनके दीर्घायु होने की कामना की।

पेड़ ऑक्सीजन की फैक्ट्री हैं
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मन में कई संकल्प हैं जिन्हें मैं पूरा करने की कोशिश करुंगा, और इनमें सबसे महत्वपूर्ण संकल्प पर्यावरण की रक्षा का है। उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि हमारी जिंदगी पेड़ों के कारण है। पेड़ ऑक्सीजन की फैक्ट्री हैं। पेड़ केवल मनुष्यों को ही जीवन नहीं देते, बल्कि असंख्य जीवों का भी सहारा होते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जहां हजारों पेड़ लगाए गए हैं, वहां अब कई पेड़ फल देने लगे हैं। एक बड़े पेड़ पर पक्षी, कीट, पतंगे, चींटियां और कई अन्य जीव पलते हैं। वही उनका निवास होता है और वहीं उन्हें भोजन भी मिलता है। इस तरह पेड़ उनके जीवन का आधार बन जाते हैं। पेड़ वर्षा को आकर्षित करते हैं, जिससे अन्न पैदा होता है। इस तरह पेड़ न केवल जीवन देते हैं, बल्कि जीवन जीने के साधन भी उपलब्ध कराते हैं। इसके अलावा पेड़ मिट्टी के कटाव को रोकते हैं, कार्बन गैसों के उत्सर्जन को कम करते हैं और धरती की सतह के तापमान को भी नियंत्रित करते हैं।

माता पिता की स्मृति में प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान
शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता की स्मृति को सहेजते हुए शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की हैं। उन्होंने ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ की शुरुआत की है। जिसका उद्देश्य क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत टॉपर्स को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी, ताकि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि केवल विधानसभा स्तर पर ही नहीं, बल्कि पूरे विदिशा लोकसभा क्षेत्र में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष बड़े पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, शिक्षा ही वह माध्यम है जो युवाओं के भविष्य को संवार सकती है और समाज को आगे ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि क्षेत्र का कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए और मेधावी छात्रों को सम्मान व प्रोत्साहन देकर उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिले।

मामा कोचिंग क्लासेस से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं का भविष्य संवारना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से मामा कोचिंग क्लासेस शुरू की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि, इस पहल की शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरूंदा से की जा रही है। यहां विद्यार्थियों को बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी, डीआरडीओ और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन कोचिंग क्लासेस में विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा और विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सामग्री और परीक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। सही दिशा और संसाधन मिलने पर ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मेरा उद्देश्य यह है कि विदिशा क्षेत्र का कोई भी युवा केवल संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से वंचित न रह जाए। मामा कोचिंग क्लासेस के माध्यम से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और वो देश की विभिन्न सेवाओं में जाकर समाज और राष्ट्र की सेवा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि करियर और रोजगार के हर चरण में सही मार्गदर्शन मिलना चाहिए। अगर कोई युवा व्यवसाय या व्यापार शुरू करना चाहता है और उसे बैंक से ऋण की जरूरत है, तो उसे यह भी समझना चाहिए कि बैंक लोन की प्रक्रिया क्या है और सरकारी योजनाओं में मिलने वाली सब्सिडी का लाभ कैसे लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोशिश रहेगी कि युवाओं को इन सभी विषयों की जानकारी विस्तार से दी जाए, ताकि वो आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय कर सकें। उन्होंने कहा मामा तो हर मोड़ पर तुम्हारे साथ खड़ा है, कहीं तकलीफ और परेशानी नहीं आने देगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएगा मामा चलित अस्पताल
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी मेरे संकल्पों में शामिल है। इसी उद्देश्य से मामा चलित अस्पताल शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, विदिशा संसदीय क्षेत्र की सभी आठों विधानसभाओं में यह चलित अस्पताल शुरू किए जाएंगे, ताकि दूरदराज के गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें। इन विशेष वाहनों में आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी और योग्य डॉक्टरों की टीम भी साथ रहेगी। उन्होंने कहा कि यह चलित अस्पताल गांव-गांव और मजरे-टोलों में जाकर लोगों को निशुल्क इलाज और चिकित्सकीय परामर्श देंगे। इससे उन लोगों को विशेष लाभ मिलेगा जिन्हें दूर शहरों में जाकर इलाज कराना मुश्किल होता है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मामा चलित अस्पताल का संचालन पूरी तरह से सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी और जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

दिव्यांगजनों को भेंट की मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि समाज के हर वर्ग को आत्मनिर्भर बनाना मेरा लक्ष्य है और इसी दिशा में दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि विदिशा में दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल भेंट करने का अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत क्षेत्र में दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उनकी दैनिक आवाजाही आसान हो सके। इससे वो बिना किसी पर निर्भर हुए अपने जरूरी कार्य स्वयं कर सकेंगे और उनके जीवन में आत्मनिर्भरता आएगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके जीवन को अधिक सुगम बनाना है। ऐसी छोटी-छोटी पहलें दिव्यांगजनों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं और उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देती हैं।

सुखी और समृद्ध समाज के लिए हमें अपना कर्तव्य निभाना होगा
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, समाज में आपसी प्रेम, परिवार की एकता, स्वदेशी को बढ़ावा और नागरिक कर्तव्यों के पालन को हर व्यक्ति को इन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सबसे पहली बात सामाजिक समरसता की है। समाज में सभी लोगों के बीच प्रेम और भाईचारा होना चाहिए और किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। जब समाज में आपसी सम्मान और प्रेम रहेगा, तभी समाज मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि, आजकल कई बार परिवारों में ही रिश्ते कमजोर होते जा रहे हैं। कई जगह भाई-भाई के बीच भी मतभेद देखने को मिलते हैं। ऐसे में हम सभी को परिवारों को जोड़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार भारत की अद्भुत परंपरा है और इसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमारे तीसरे संकल्प के रूप में स्वदेशी को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश में बनी वस्तुएं खरीदनी चाहिए और अपने ही लोगों से खरीदारी करनी चाहिए। इससे देश के कारीगरों, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को भी रोजगार मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। वहीं उन्होंने कहा कि कई बार लोग छोटे-छोटे नियमों को भी नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि ये नियम हमारी सुरक्षा के लिए ही होते हैं। यदि वाहन चलाते समय हेलमेट लगाना जरूरी है तो उसे अवश्य लगाना चाहिए, क्योंकि यह हमारी ही जिंदगी की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि इसलिए हमें अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए और पर्यावरण संरक्षण सहित इन सभी संकल्पों में समाज के हर व्यक्ति को अपना सहयोग देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *