बाइकों की आमने सामने टक्कर में दो युवक लहूलुहान, हालत नाजुक

पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया

करंट विजन संवाददाता
फफूंद (औरैया) । नगर के फफूंद – दिबियापुर बाईपास तिराहे पर शनिवार दोपहर दो बाइकों की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में आई गंभीर चोटों के कारण दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला सैय्यद वाड़ा निवासी फैसल पुत्र साबिर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दिबियापुर से फफूँद की ओर आ रहा था। जैसे ही वह फफूंद बाईपास तिराहे के पास पहुँचा तभी बाईपास की तरफ से आ रहे सैदुल्लापुर निवासी विकास पुत्र छोटे की बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे का शिकार हुए फैसल और विकास में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। सिर के बल सड़क पर गिरने के कारण दोनों के सिर में गहरी चोटें आई हैं। डॉक्टरों का भी मानना है कि यदि दोनों ने हेलमेट पहना होता तो सिर की इन गंभीर चोटों से बचा जा सकता था।हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सरकारी गाड़ी से सीएचसी दिबियापुर पहुँचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रिफर कर दिया है। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी एक बार फिर दो परिवारों के लिए मुसीबत बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *