करंट विज़न संवाददाता
कानपुर देहात। जनपद के थाना भोगनीपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक पुखरायां–अस्तिया मार्ग पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजन उर्फ उदयवीर पुत्र रूद्र नारायण और शिवा पुत्र नारायण दत्त के रूप में हुई है, जो थाना भोगनीपुर क्षेत्र के मऊखास अमरौधा गांव के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बंद मकानों की निगरानी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर संजय वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
