मोहल्ले वालों ने ली राहत की सांस
करंट विजन संवाददाता
फफूंद (औरैया) । नगर के मोहल्ला कायस्थान में उत्पाती बंदर को लेकर बनी दहशत का शनिवार की सुबह अंत हो गया। मथुरा से आई विशेषज्ञ टीम ने बंदर को पकड़ लिया जिससे मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली है। एक सप्ताह से बंदर ने मोहल्ले में आतंक मचाते हुए आठ लोगों को काटकर घायल कर दिया था। नगर के मोहल्ला कायस्थान में एक बंदर ने आतंक मचा दिया । बीते एक सप्ताह में बंदर ने आठ लोगों को काट कर घायल कर दिया । घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने साहस दिखाते हुए बंदर को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया था और इसकी सूचना नगर पंचायत व संबंधित विभागों को दी गई थी। इसके बावजूद तीन दिन बाद मथुरा से टीम पहुंची। शुक्रवार की सुबह बंदर को पकड़ने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण बंदर टीम के हाथ से छूटकर भाग गया जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई थी।हालांकि उसी समय नगरवासियों ने सतर्कता दिखाते हुए बंदर को दोबारा कमरे में बंद कर लिया शनिवार की सुबह आई टीम ने इस बार पुख्ता इंतजामों के साथ बंदर को सुरक्षित पकड़ लिया। बंदर के पकड़े जाने के बाद मोहल्ले के लोगो ने राहत महसूस की है।
