गिरा हुआ पीपल का पेड़ अचानक हुआ खड़ा, हरे पत्ते फूटे — ग्रामीणों ने माना चमत्का

करंट विज़न संवददाता

कानपुर देहात जनपद में आस्था और आश्चर्य से जुड़ी एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां एक गिरे हुए पीपल के पेड़ के अचानक खड़ा हो जाने और उसमें हरे पत्ते निकल आने से ग्रामीणों में श्रद्धा और कौतूहल का माहौल बन गया है। मामला भोगनीपुर तहसील के तुर्कीमऊ गांव का है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में पीपल का एक पेड़ लंबे समय से जमीन पर गिरा हुआ पड़ा था, लेकिन अचानक वह सीधा खड़ा हो गया। इतना ही नहीं, कुछ ही समय में उसमें हरे पत्ते भी फूटने लगे। इस अद्भुत दृश्य को देखकर ग्रामीण हैरान रह गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों ने इसे चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना शुरू कर दी। पेड़ की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं ने इसे ईश्वरीय कृपा बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि दैवीय प्रकट की देन है। उनका मानना है कि इस दिन को गांव ही नहीं, बल्कि पूरे संसार के लोग याद रखेंगे। मौके पर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने वहां टेंट लगाकर पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन भी शुरू कर दिया है। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां कुछ लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे प्रकृति का अनोखा रहस्य बता रहे हैं। लेकिन इस अनोखे नजारे ने हर किसी को सोचने पर जरूर मजबूर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *