शिक्षा के प्रति जज्बे की हर तरफ चर्चा
करंट विज़न संवाददाता
मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। इस कहावत को जनपद इटावा के ताखा क्षेत्र की एक बेटी ने सच कर दिखाया है। अपनी शादी की विदाई जैसी महत्वपूर्ण रस्म को बीच में छोड़कर, एक दुल्हन परीक्षा केंद्र पहुंची और बोर्ड परीक्षा दी। शिक्षा के प्रति इस समर्पण को देखकर हर कोई दंग रह गया। ताखा क्षेत्र के खरगपुर सरैया स्थित श्रीमती इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज की इंटरमीडिएट की छात्रा तनुजा पुत्री मान सिंह का विवाह 11 मार्च को किशनी रोड, ओमनगर (करहल) निवासी मोहित श्रीवास्तव के साथ संपन्न हुआ था। गुरुवार, 12 मार्च को घर में विदाई की रस्में चल रही थीं और तनुजा को अपने ससुराल के लिए रवाना होना था। इसी बीच उसे अपनी संस्कृत विषय की अंतिम बोर्ड परीक्षा का ध्यान आया। शिक्षा के प्रति जागरूक तनुजा ने ससुराल जाने के बजाय पहले परीक्षा देने का निर्णय लिया। प्रधानाचार्य बृजेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि तनुजा विदाई के बाद रास्ते से ही वापस लौट आई। वह सीधे अपने परीक्षा केंद्र पहुंची और सायं कालीन पाली में संस्कृत का पेपर दिया। दुल्हन के जोड़े में सजी छात्रा को परीक्षा केंद्र पर देख वहां मौजूद शिक्षक और अन्य परीक्षार्थी हैरान रह गए। परीक्षा समाप्त होने के बाद ही तनुजा अपने ससुराल के लिए रवाना हुई। तनुजा के इस साहसी कदम की विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि तनुजा ने यह साबित कर दिया है कि बेटियों के लिए शिक्षा और उनका भविष्य सर्वोपरि है। क्षेत्र में इस बेटी की चर्चा हर जुबान पर है।
