करंट विज़न संवाददाता
कानपुर देहात रूरा क्षेत्र के भिखनापुर गांव में आज श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब 28वें वार्षिकोत्सव एवं 25वें श्री विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ पर भव्य और विशाल कलश यात्रा निकाली गई। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण छाया रहा। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ यात्रा में शामिल हुईं।
भिखनापुर में बीते 27 वर्षों से ग्रामवासियों के सहयोग से लगातार धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्री विष्णु महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा और महाभारत कथा का आयोजन बड़े ही वृहद स्तर पर किया गया है। कलश यात्रा के साथ इन धार्मिक आयोजनों का विधिवत शुभारंभ हुआ। अकबरपुर कस्बे से पधारे विद्वान यज्ञाचार्य आचार्य दुर्गेश द्विवेदी अपने सहयोगी आचार्य विनय द्विवेदी, हर्षित द्विवेदी एवं पंकज द्विवेदी के साथ यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। वहीं सूरजपुर से आए प्रसिद्ध भागवत व्यास श्याम नारायण तिवारी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मधुर वर्णन कर भक्तों को भावविभोर करेंगे। भुगनियापुर से आए आचार्य सत्यम शुक्ला महाभारती वीर रस से ओतप्रोत महाभारत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन के तहत 23 जनवरी को कलश यात्रा, 24 जनवरी को गणेश पूजन एवं कथा का शुभारंभ होगा। 30 जनवरी को कथा का समापन, 31 जनवरी को मां अन्नपूर्णा का विशाल भंडारा तथा 1 फरवरी को विश्व प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रामलीला एवं धनुष यज्ञ का भव्य मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष नारायण सिंह ,गौरव शुक्ला, विवेक त्रिवेदी,योगेश,दीपराज,अनुराग,रिंकू,शिवम, शुभ, सहित समस्त भिखनापुर ग्रामवासी मौजूद रहे
