बैठक को संबोधित करते जिलाध्यक्ष
करंट विज़न संवाददाता
दिबियापुर।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बुधवार को दिबियापुर के बीआरसी में समीक्षा बैठक की। जिलाध्यक्ष अखिलेश चंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और आगामी विरोध प्रदर्शनों की रणनीति तय की गई।बैठक का मुख्य उद्देश्य कार्यसमिति को सक्रिय करना और संघर्ष समिति के कार्यों से अवगत कराना था। इसमें शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं जैसे चयन वेतनमान लागू न होना, बाल्य देखभाल अवकाश से वंचित करना और टीईटी (TET) से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की। इसके तहत, 22 फरवरी को हैशटैग अभियान चलाया जाएगा। 23 से 25 फरवरी तक शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद, 26 फरवरी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा और प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी, ब्लॉक मंत्री बुद्धिपाल सिंह यादव, ब्लॉक कोषाध्यक्ष संतोष कुमार दोहरे, राजा भाई, ब्लॉक संघर्ष समिति के अध्यक्ष विमल त्रिपाठी, मंत्री अनिल यादव, सत्यवान, शीता पाल, बबीता राठौर, राधा यादव, रामशंकर तिवारी, ललित तिवारी, रमेश चंद्र सहित कई अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
