करंट विज़न संवाददाता
मृतक शिक्षक दिबियापुर। उत्तर मध्य रेलवे के कानपुर टूंडला रेलखंड पर स्थित फफूंद स्टेशन पर गत दिवस देर शाम एक शिक्षक की वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। 40 वर्षीय विवेक गुप्ता टहलने निकले थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी विवेक गुप्ता पुत्र वेदप्रकाश के रूप में हुई है। वह भाग्यनगर के किसान इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक छा गया, और उनके साथी शिक्षक भी स्तब्ध रह गए।विवेक गुप्ता दो दिन पहले ही कानपुर से शुगर की दवा लेकर लौटे थे। बुधवार को उन्होंने स्कूल में 18 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा संबंधी कार्य भी किया था। देर शाम वह फफूंद स्टेशन पर टहलने गए थे। इसी दौरान दिल्ली से कानपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस वहां से गुजरी। ट्रेन की तेज हवा के दबाव से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी। विवेक गुप्ता के दो बेटे हैं। उनकी पत्नी गहरे सदमे में हैं। उनके पिता वेदप्रकाश भी भाग्यनगर के किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रह चुके है ।
