करंट विज़न संवाददाता
इटावा। ताखा क्षेत्र के लिए एक बार फिर गर्व का पल आया है। सेंट जॉन स्कूल, कदमपुर ऊसराहार के होनहार छात्र तरुण शाक्य ने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट लगन के दम पर प्रतिष्ठित गुरुकुल कुरुक्षेत्र में अपना चयन सुनिश्चित कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। किशनी के निवासी तरुण शाक्य सुपुत्र राजेश कुमार शाक्य ने पिछले एक वर्ष से सेंट जॉन स्कूल में रहकर पूर्ण अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी तैयारी की थी। उनकी इस सफलता पर बात करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि तरुण का चयन केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपने देखने वाले युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। तरुण की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके पैतृक निवास किशनी और ऊसराहार क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों ने भावुक होते हुए कहा कि जब उनका कोई छात्र इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की सफलता हासिल करता है, तो यह संस्थान के लिए सबसे गौरवशाली क्षण होता है। इस वर्ष संस्थान का परीक्षा परिणाम भी उत्कृष्ट रहा है, जहाँ कई अन्य छात्रों ने भी विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में जगह बनाई है तरुण की इस गौरवमयी उपलब्धि पर ऊसराहार एवं किशनी क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और परिजनों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शक उदाहरण बताया है।
