तेज रफ्तार बाइक खड़ी कार से टकराई, तीन युवक घायल

बिना हेलमेट सवार थे, दो की हालत गंभीर

फतेहपुर।असोथर नगर पंचायत के गाजीपुर–विजयीपुर मार्ग पर झाल तिराहा के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी वैगनआर कार से टकरा गई, जिससे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार वैगनआर कार के मालिक अनुपम अपनी कार पंचर की दुकान पर स्टेपनी बनवाने के लिए खड़ी कर घर चले गए थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रही स्प्लेंडर बाइक अनियंत्रित होकर कार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गईं।घायलों की पहचान जीशान (20) पुत्र इद्दु निवासी कंधिया, निखिल (18) पुत्र रामप्रकाश कश्यप और कृष्ण सिंह (15) पुत्र सुमेर सिंह, दोनों निवासी बेर्राव के रूप में हुई है। तीनों युवक बिना हेलमेट के सवार थे। बताया गया कि जीशान डीजे कारोबारी है और असोथर डीजे मशीन लेने जा रहा था।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी पहुंचाया, जहां से जीशान और निखिल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी सामने आई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *