विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अप्रैल से, दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल तक चलेगा

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आगामी एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा तथा इसके अंतर्गत दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर लक्षित क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर विकास एवं स्थानीय निकाय विभाग को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव, साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। उच्च जोखिम क्षेत्रों की सूची बनाकर वहां विशेष साफ-सफाई, नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या का निराकरण, खुली नालियों को ढकने, कूड़े का समुचित निस्तारण एवं सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित की जाए। पंचायतीराज विभाग को निर्देश दिए गए कि ग्राम प्रधानों के माध्यम से वी.एच.एस.एन.सी. के जरिए ग्राम स्तर पर स्वच्छता, शौचालय उपयोग तथा संचारी रोगों से बचाव हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही एंटी-लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग कार्य नियमित रूप से कराया जाए।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा जिन गांवों में पूर्व वर्षों में संक्रमण अधिक रहा है, उन्हें चिन्हित कर विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील गांवों की सूची बनाकर वहां विशेष अभियान चलाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज, प्रभारी डीपीआरओ रोहित कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।  बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *