करंट विज़न संवददाता
फतेहपुर । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के फतेहपुर आगमन से जिले की सियासत में नई हलचल देखने को मिली। खागा तहसील के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र स्थित अफोई गांव में पूर्व विधायक मोहम्मद शफीर के आवास पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने समाजवादी नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।अखिलेश यादव के पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से सपा कार्यकर्ता अफोई गांव में उमड़ पड़े। समाजवादी झंडों और बैनरों से पूरा क्षेत्र पार्टी के रंग में रंगा नजर आया। निर्धारित समय से विलंब के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा।भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। क्षेत्राधिकारी वीर सिंह के नेतृत्व में सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह तथा हथगांव थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और बैरिकेडिंग कर व्यवस्था संभाली।कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए अखिलेश यादव ने गेट पर वाहन रुकवाकर हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिस पर ‘समाजवादी पार्टी जिंदाबाद’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे गूंज उठे। कई समर्थकों ने उनमें नेताजी मुलायम सिंह यादव की झलक देखने की बात कही।इस मौके पर सांसद नरेश उत्तम पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं, अखिलेश यादव के इस दौरे से जनपद की राजनीति में आगे और हलचल तेज होने के संकेत माने जा रहे हैं।
