सपा चीफ अखिलेश ने सैफई में खिली फूलों की होली

अखिलेश यादव ने सैफई में आयोजित होली मिलन समारोह में नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ फूलों से होली खेली

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई में आयोजित होली मिलन समारोह में नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ फूलों से होली खेली। पार्टी कार्यालय परिसर में फूलों की बारिश के बीच लंगड़ी फाग गाया गया। सपा प्रमुख आखिलेश यादव ने कहा सिर्फ भगवा कपड़े पहनने से कोई योगी नहीं हो जाता जो दूसरे का दर्द समझे वही योगी होता है। उन्होंने कहा शंकराचार्य पीड़ित हैं, दुखी हैं। हम उनके साथ खड़े हैं जो भी पीड़ित और दुखी होगा, समाजवादी उसके साथ। सनातन की सबसे पूजनीय जगह पर शंकराचार्य को स्नान नहीं करने दिया गया। अनशन के बाद भी सम्मान नहीं मिला। उन पर ऐसे मुकदमे लगाए गए जो प्रधानी चुनावों में लगाए जाते हैं। अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का साफ संदेश देते हुए कहा जितनी मजबूत तैयारी करेंगे, सरकार बनाना उतना आसान होगा। 2012 में होली के बाद सरकार बनी थी अब उससे बड़ी जीत दिलानी है। यूपी में 403 विधानसभा सीटें हैं। दिन कम हैं और विधानसभा ज्यादा हैं। उन्होंने इस बार पीडीए की ताकत से हराना है। पीडीए का नारा हर किसी नारे से बड़ा है। मुख्यमंत्री के जापान दौरे पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा पहले 50 लाख करोड़ का एमओयू किया। अब एक लाख करोड़ का एमओयू कर आए हैं। ये पहले मुख्यमंत्री हैं जो विदाई से पहले घूमने जा रहे हैं। उन्होंने निवेश समझौतों की जमीनी हकीकत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को वास्तविक रोजगार और राहत चाहिए, आंकड़ों का खेल नहीं। अखिलेश ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा एक देश जिसने राष्ट्रपति को मार दिया, उसके साथ समझौता कर लिया गया। जहां युद्ध चल रहा, वहां करोड़ों भारतीय रह रहे हैं। हमारे हथियार दूसरे देशों में बन रहे हैं। जुगाड़ से डिफेंस मजबूत नहीं होता अपने देश में हथियार बनाने होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और 2027 के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया। विधायक शिवपाल यादव ने कहा अनुशासन पार्टी के लिए बहुत जरूरी है। जो जनता के बीच जाकर गाली दे तो समझ लेना वो सपा का आदमी नहीं है। समय बहुत कम है 2027 के लिए अभी से जुट जाना है। अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाकर ही दम लेना है। चुनाव में बड़ी चतुराई से काम लेते हुए मुंह को बंद रखकर अपना काम करना है। इतना कर ले गए तो 2027 में सपा की सरकार बनना तय है। होली मिलन समारोह में राज्य सभा सांसद प्रोफेसर राम गोपाल यादव, मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद आदित्य यादव, अखिलेश की बेटी अदिती यादव, सांसद जितेंद्र दोहरे, विधायक रेखा वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू, गोपाल यादव सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। होली पर लोगों को सम्बोधित करते अखिलेश यादव, मौजूद राम गोपाल यादव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *