ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते असर से छोटे दुकानदार चिंतित

सख्त कानून की मांग को लेकर व्यापार मंडल ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। किशनपुर ऑनलाइन व्यापार के तेजी से बढ़ते और अनियंत्रित विस्तार के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने छोटे एवं फुटकर व्यापारियों के संरक्षण हेतु सख्त कानून बनाए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में मंडल पदाधिकारियों ने सांसद नरेश उत्तम पटेल को ज्ञापन सौंपकर संसद के माध्यम से केंद्र सरकार तक आवाज पहुंचाने का आग्रह किया।ज्ञापन में कहा गया कि देश के करोड़ों छोटे व्यापारी, फुटकर दुकानदार, पारंपरिक बाजारों से जुड़े व्यवसायी और मध्यम वर्गीय कारोबारी ऑनलाइन मार्केटिंग के असंतुलित विस्तार से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदार, जो वर्षों से समाज की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था की रीढ़ रहे हैं, आज अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रहे हैं।व्यापार मंडल ने बताया कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता एवं राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा के निर्देशन में आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी व्यापार के संरक्षण हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि छोटे और पारंपरिक व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन और सहयोग मिलेगा।ज्ञापन में मांग की गई कि ऑनलाइन व्यापार के लिए स्पष्ट एवं कड़े नियम बनाए जाएं, मूल्य निर्धारण और छूट नीति पर नियंत्रण हो तथा पारंपरिक व्यापारियों के लिए सुरक्षा कवच तैयार किया जाए। साथ ही पंजीकृत व्यापारियों को आयुष्मान योजना जैसी स्वास्थ्य बीमा सुविधा और आग अथवा अन्य आपदाओं की स्थिति में राहत सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।इस दौरान व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, चेयरमैन बिंद्रा प्रसाद अग्रहरी, जिला महामंत्री दयाशंकर गुप्ता, कोषाध्यक्ष कुंवारे, नगर अध्यक्ष गुलजार सिंह, महामंत्री मनोज सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *