करंट विजन संवाददाता इमरान खान
36 घंटे में मनीष हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में की गई हत्या –
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक चौंकाने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव का रहस्य अब सुलझ गया है, और इस मामले में प्रेम प्रसंग हत्या की बड़ी वजह बनकर सामने आया है।
बताया जा रहा है कि 19 और 20 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना इकदिल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला था। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल ने पूरे मामले को हत्या में बदल दिया। मृतक की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई, जिसकी गुमशुदगी 18 फरवरी की शाम थाना भरथना में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी अभिषेक यादव को शक था कि मनीष उसकी बहन से बातचीत करता था। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों विपिन यादव और दीपक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोप है कि 18 फरवरी को मनीष को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया गया और इकदिल क्षेत्र के सुनसान इलाके में ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया, ताकि मामला दुर्घटना लगे।
पुलिस ने आरोपी दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वहीं, दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रेम प्रसंग से शुरू हुई यह रंजिश अब एक बड़ी आपराधिक साजिश के रूप में सामने आई है।
