सुरक्षा कर्मियों ने युवक को पीटा, ट्रामा सेंटर में हुआ हंगामा

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। सैफई पीजीआई स्थित ट्रॉमा सेंटर में सुरक्षा कर्मियों पर युवक को लाठी-डंडों से पीटने का आरोप पीड़ितों ने लगाया। युवक की पत्नी को सर्पदंश के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद काफी हंगामा हुआ। पीड़ित युवक काफी देर तक ट्रॉमा सेंटर के बाहर बेहोश पड़ा रहा। परिजनों ने इस मामले में कार्यवाही की मांग की है। जानकारी के अनुसार गोवेपुरा गांव निवासी विजय पाल उर्फ बीपी की पत्नी को सांप ने काट लिया था जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सैफई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। रात करीब 11 बजे विजय पाल घर से कुछ जरूरी सामान लेकर अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई जो विवाद में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने विजयपाल पर लाठियां बरसा दीं जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और ट्रॉमा सेंटर के बाहर जमीन पर पड़ा रहा। उसकी मां ने बीच बचाव करने की कोशिश की लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विश्वविद्यालय परिसर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाना पड़ा। परिजन ट्रॉमा सेंटर के बाहर ही बैठे रहे। ड्यूटी पर तैनात सीएमओ डॉ. विवेक चौधरी ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने पहले उपचार कराने और बाद में शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया लेकिन परिजन तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। परिजनों का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है और फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ट्रामा सेंटर के पास एकत्र पीड़ित।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *