यूजीसी एक्ट लागू करने की मांग को लेकर सरदार सेना का पैदल मार्च, डीएम को सौंपा ज्ञापन

करंट विज़न संपाददाता

प्रयागराज। यूजीसी एक्ट 2026 को लागू कराने की मांग को लेकर सरदार सेना के बैनर तले कंपनी बाग से जिलाधिकारी कार्यालय तक जोरदार पैदल मार्च निकाला गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से पूरा मार्ग “यूजीसी बिल लागू करो” के नारों से गूंज उठा।प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक पटेल के नेतृत्व में निकले इस मार्च में युवाओं और छात्रों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। मार्च के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रयागराज को सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने के बाद भी यूजीसी एक्ट 2026 को संसद में विधेयक के रूप में लाकर कानून बनाया जाए तथा जातीय जनगणना कराए जाने की मांग भी उठाई गई। नेतृत्व ने कहा कि देश में उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, छात्रों के अधिकारों की रक्षा करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में पारदर्शिता लाने के लिए यूजीसी एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित हैं, जिससे युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है।सरदार सेना ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और उत्साह के साथ भारी जनसैलाब देखने को मिला, जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *