करंट विज़न संवाददाता
फफूंद (औरैया)। विकास खण्ड भाग्यनगर की ग्राम पंचायत आमपुर के मजरा गुलाबपुर में शनिवार को बंजारा समाज के आराध्य देव और महान समाज सुधारक संत शिरोमणि सेवालाल महाराज की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए सत्य, शौर्य और स्वाभिमान के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के आयोजक ग्राम प्रधान दिनेश कुमार नायक ने संत सेवालाल महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 15 फरवरी 1739 को कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में हुआ था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वास को दूर करने में समर्पित कर दिया। उन्होंने आगे बताया कि महाराष्ट्र के वाशिम जिले में स्थित उनका समाधि स्थल ‘पोहरादेवी’ आज ‘बंजारा काशी’ के रूप में जाना जाता है। इस शुभ अवसर पर गांव के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोटेदार योगेश नायक, गंभीर सिंह, लाखन सिंह, मुलायम सिंह, शुगर सिंह, रणबीर सिंह, सुरेंद्र, गोरेलाल, तारा सिंह, अखिलेश, पपीरा देवी, गीता देवी, कुशमा सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम प्रधान दिनेश नायक द्वारा प्रसाद भी वितरण किया गया ।
