करंट विज़न संवाददाता
इटावा। थाना सहसो क्षेत्र के अंतर्गत अजीत की गड़िया मोड़ बिठौली मार्ग के पास बेकाबू कार ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार औरैया जिले के बाबरपुर हनुमान नगर खेतूपुर रोड निवासी रनवीर सिंह 55 वर्ष पुत्र होम सिंह इटावा जिले के सहसो थाना क्षेत्र के बदनपुरा गांव में अपने सड़वाई राजेंद्र सिंह का हालचाल लेने गए थे। देर शाम वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। अजीत की गड़िया मोड़ बिठौली मार्ग के पास बेकाबू कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया, लेकिन कार की नंबर प्लेट मौके ओर पड़ी मिली। घायल अवस्था में परिजन उन्हें बकेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल इटावा रेफर किया गया। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. राहुल राजपूत ने अस्पताल पहुंचने पर मेडिकल परीक्षण कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे ने बताया कि उनके ताऊ अपने सड़वाई को देखने आए थे और लौटते समय हादसा हो गया। छोटे भाई वीरेंद्र ने बताया कि वे तीन भाई हैं और रनवीर सबसे बड़े थे। करीब आठ साल पहले वह फौज से रिटायर्ड हुए थे। छोटे भाई मान सिंह ने बताया कि बड़े भाई रनवीर सिंह पाता प्लांट गेल इंडिया में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रवि एयरफोर्स में सेवा दे रहा है, जबकि छोटा बेटा सनी घर पर रहकर खेतीबाड़ी का काम संभालता है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक रिटायर्ड फौजी रनवीर सिंह का फ़ाइल फोटो।
