करंट विज़न संवाददाता
राज्यसभा में ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा उठाती राज्यसभा सांसद गीता शाक्य। दिबियापुर।औरैया ।मंगलवार को राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य ने संसद में औरैया जनपद के अछल्दा, फफूँद और कंचौसी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कोरोना काल से इन स्टेशनों पर कई ट्रेनों का ठहराव बंद है, जो अब तक बहाल नहीं हो सका है। शाक्य ने कहा कि इन क्षेत्रों के यात्रियों को रेल सुविधाओं की कमी के कारण भारी परेशानी हो रही है। दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए लंबी दूरी तय करके दूसरे स्टेशनों पर जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि वह इस समस्या को लेकर पहले भी रेल मंत्री को ज्ञापन सौंप चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने रेल मंत्रालय से जनहित में कोरोना काल से बंद ट्रेनों का ठहराव अछल्दा, फफूँद और कंचौसी स्टेशनों पर तुरंत बहाल करने की मांग की। गीता शाक्य ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय जनपदवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेगा और जल्द ही सकारात्मक निर्णय करेगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सकेगी।
