करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में कानून व्यवस्था व नारी सुरक्षा को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने थाने में पहुंचकर जोरदार आपत्ति दर्ज कराई। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिजनों के साथ थाने पहुंचा और लापता बेटियों की अब तक बरामदगी न होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।अध्यक्ष हेमलता पटेल ने बताया कि ग्राम घोषिन का पुरवा मजरे खरगूपुर की एक नाबालिग बच्ची को तीन माह पूर्व दबंगों द्वारा अगवा किए जाने का मामला दर्ज है, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद पुलिस कोई ठोस सफलता हासिल नहीं कर सकी। पीड़िता की मां प्रेमा देवी न्याय के लिए लगातार भटक रही हैं।इसी थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में स्कूल गई एक छात्रा पिछले लगभग दो सप्ताह से लापता है। परिजनों द्वारा पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें छात्रा को भय दिखाकर अगवा करने की आशंका जताई गई है। कई दिन बीत जाने के बावजूद छात्रा का सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त है।थाने में हुई वार्ता के दौरान हेमलता पटेल ने पुलिस से तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर दोनों मामलों में शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक थाना घेराव कर आंदोलन करने को बाध्य होगा।इस दौरान राजरानी, सरला सिंह, सुनीता, संयोगिता, रानी सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी एवं पीड़ित परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
