फरहान खान
(करंट विजन संवाददाता)
फफूंद (औरैया) । नगर पंचायत फफूंद में विकास कार्यों को लेकर चल रहा गतिरोध सोमवार को सकारात्मक संवाद के साथ समाप्त हो गया। वार्डों में लंबित विकास कार्यों और प्रस्तावों पर कार्रवाई न होने से नाराज आधा दर्जन सभासद सोमवार सुबह 11 बजे नगर पंचायत कार्यालय में धरने पर बैठ गए थे। हालांकि नगर निकाय प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया और ठोस आश्वासन के बाद दोपहर 1:30 बजे यह धरना समाप्त कर दिया गया।धरने पर बैठे सभासद गौरव राजपूत , अनुराग धनगर , आरती दोहरे , राजीव कठेरिया और राजीव राजपूत ने मुख्य रूप से 27 मई 2023 से अब तक हुए विकास कार्यों के विवरण की मांग की थी।सभासदों का कहना था कि जनता के प्रति उनकी जवाबदेही है और वार्डों में स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का सुचारू होना आवश्यक है।मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशाषी अधिकारी (EO) विनय पांडेय और नगर पंचायत अध्यक्ष अनवर कुरैशी ने प्रदर्शनकारी सभासदों से वार्ता की। प्रशासन ने सभासदों को आश्वस्त किया कि पिछले ढाई वर्षों में हुए विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा अगले पांच दिनों के भीतर उन्हें उपलब्ध करा दिया जाएगा। साथ ही वार्डों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण का भरोसा भी दिया गया।नगर पंचायत अध्यक्ष अनवर कुरैशी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभासदों के साथ जो भी संवादहीनता या दूरियां थीं उन्हें आपस में बैठकर सुलझा लिया गया है। हमारा लक्ष्य नगर का सर्वांगीण विकास है और सभी वार्डों में योजनाबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाया जाएगा।
