प्रदीप ने विधान सभा में उठाया दिबियापुर की उपेक्षा का मुद्दा

विधानसभा में गिनायी कई समस्यायें फोटो परिचय । विधानसभा में बोलते दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव

करंट विज़न संवाददाता

दिबियापुर। बुधवार को विधान सभा बजट सत्र के दौरान दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव ने कई प्रमुख समस्याओं को उठाते हुये सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। विधान सभा अध्यक्ष की मौजूदगी में विधायक ने कहा कि सरकार प्रतिदिन प्रदेश में औसतन नौ किलोमीटर नयी सड़क का निर्माण कार्य कराती है। लेकिन दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र में एक भी नई सड़क निर्माण न होने से साफ है कि सरकार जानबूझकर क्षेत्र की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने बताया कि पाता चौकी से लेकर हरचन्दपुर रामगढ़ को जोड़ने वाले मार्ग की हालत इतनी खराब है कि लोग पैदल यात्रा भी करने में चोटिल हो जाते हैं। वहीं प्रदेश में हजारों किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने में भी केवल कागजी खानापूरी की गयी जबकि हकीकत में आज भी सड़कों पर गहरे गड्ढे मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 127 निकायों के क्षेत्र में सीमा विस्तार हुआ है जबकि इसमें अछल्दा नगर पंचायत को छोड़ दिया गया। उन्होंने छोटे गांवों में स्थित प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने पर नाराजगी जताते हुये कहा कि सरकार के इस फैसले से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के बच्चे शिक्षा से बंचित होंगे। विधायक ने बताया कि हर घर जल मिशन से पूरे क्षेत्र की गलियाँ और आबादी वाली सड़कें खुदीं पड़ी हुयी हैं। कार्यदायी संस्था के लोग और सम्बधित अधिकारी खराब सड़कों को ठीक नहीं करा रहे।उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर कहा कि सरकारी क्रय केन्द्रों पर बिचौलियों के माध्यम से खरीद होती है उन्होंने कहा कि किसानों को बुबाई के समय खाद बीज के लिये मारामारी करनी पड़ती है। वहीं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में सरकार नाकाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *