करंट विजन संवाददाता
इमरान खान
इटावा। जनपद इटावा के थाना बसरेहर क्षेत्र में पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के एक अड्डे पर छापा मारकर 8 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गांव मोहब्बतपुर में मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, काफी समय से इस स्थान पर जुए का अवैध संचालन होने की सूचना मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की, जिसमें सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से कुल ₹34,000 नकद बरामद किए गए। इसमें से ₹28,860 मौके पर पड़े मिले, जबकि ₹5,140 की रकम आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी के दौरान बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने मौके से 4 लावारिस मोटरसाइकिलें, 6 मोबाइल फोन और 52 ताश के पत्ते भी जब्त किए हैं, जो जुए के संचालन में उपयोग किए जा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचंद के निर्देशन में की गई। थाना बसरेहर की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से कार्रवाई को अंजाम दिया।
सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लग सकती है ।
