साइबर अपराध से बचाव को लेकर पुलिस की जागरूकता कार्यशाला आयोजित

छात्रों को साइबर ठगी, सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अपराध प्रगति यादव के नेतृत्व में सागर कॉन्वेंट स्कूल फतेहपुर में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइबर थाना फतेहपुर के उपनिरीक्षक प्रभांशु शुक्ल, हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय सहित राधानगर थाना पुलिस की टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।कार्यशाला के दौरान भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा संचालित साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत इन माध्यमों से शिकायत दर्ज कर अपराध को रोका जा सकता है।पुलिस टीम ने छात्रों को बैंकिंग फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैन कर ठगी, व्हाट्सएप हैकिंग, ओएलएक्स व केवाईसी आधारित धोखाधड़ी, फर्जी ऐप्स, ऑनलाइन लोन स्कैम, निवेश व गेमिंग ऐप के जरिए ठगी तथा इंटरनेट मीडिया से जुड़े अपराधों के बारे में जागरूक किया। साथ ही सेक्सटॉर्शन और न्यूड कॉल ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों से सावधान रहने की विशेष सलाह दी गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं और बाद में वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील वीडियो दिखाकर स्क्रीन रिकॉर्डिंग के जरिए ब्लैकमेल करते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *