करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। आगामी होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में पुलिस व पीएसी के सैकड़ों जवान शामिल रहे। टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाएं।एसपी अनूप सिंह ने कहा कि वर्तमान स्थिति में होली के मद्देनजर किसी भी मस्जिद को ढकने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की विशेष नजर है और अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस सक्रियता से शहरवासियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है और लोगों से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।
