समीक्षा बैठक में भाग लेते भाजपा पदाधिकारी दिबियापुर। नगर पंचायत सभागार दिबियापुर में मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने की। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं एवं अभियान से जुड़े दायित्ववान कार्यकर्ताओं की व्यापक उपस्थिति रही। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रामकिशोर साहू (क्षेत्रीय महामंत्री/क्षेत्रीय अभियान संयोजक) ने मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की अब तक की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है, जिसमें पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के परिश्रम की प्रशंसा करते हुए इसे संगठनात्मक मजबूती का उदाहरण बताया। मुख्य अतिथि ने द्वितीय चरण के पुनरीक्षण कार्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इस चरण में कटे हुए मतों (डिलीटेड वोट) को पुनः जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को और अधिक मेहनत एवं सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने इस विषय में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी तथा बूथ स्तर पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर मतदाता संख्या बढ़ी है अथवा पुनरीक्षण का कार्य चुनौतीपूर्ण है, वहां संगठन को अतिरिक्त सक्रियता के साथ कार्य करना होगा। अपने संबोधन में रामकिशोर साहू जी ने विजय अभियान के अंतर्गत चल रहे ‘त्रिदेव’ कार्यक्रम के संबंध में भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बूथ अध्यक्ष, बीएलए एवं पन्ना प्रमुख—इन तीनों की समन्वित भूमिका ही संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगी। त्रिदेव की नियमित बैठकों, रिपोर्टिंग एवं फीडबैक तंत्र को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया साथ ही कार्यकर्ताओं को जी राम जी योजना के सम्बंध में जानकारी दी। बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, नए मतदाताओं को जोड़ने, पात्र मतदाताओं का नाम न छूटे इस पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही बूथ स्तर पर समन्वय, समयबद्ध कार्य योजना और संगठनात्मक अनुशासन के साथ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र एवं जिला प्रभारी आनंद सिंह, जिला महामंत्रीगण कुलदीप दुबे, कौशल राजपूत, धीरेंद्र सिंह गौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा/जिला प्रवासी मनोज राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष दिबियापुर राघव मिश्रा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी एवं अभियान से जुड़े अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत भाजपा की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक फोटो परिचय
