करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की।बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति की पहचान हैं और इन्हें मिल-जुलकर मनाने से सामाजिक एकता और मजबूत होती है।वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। साथ ही उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
