फतेहपुर। गाजीपुर थाना पुलिस ने पंचायत भवन में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया कंप्यूटर सेट, इनवर्टर, डबल बैटरी तथा एक चोरी की बाइक भी बरामद की है।जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले थाना क्षेत्र के शाखा गांव स्थित पंचायत भवन के कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने कीमती सामान चोरी कर लिया था। पंचायत सहायक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव निवासी राहुल सिंह पुत्र अवधेश बेड़िया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पंचायत भवन चोरी की घटना स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर उसके घर से चोरी गया सामान और बाइक बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि बरामद बाइक उसने बांदा जनपद से चोरी की थी, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने अभियुक्त को संबंधित धाराओं में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विशाल यादव सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पंचायत भवन चोरी का पर्दाफाश, शातिर चोर गिरफ्तार — कंप्यूटर, इनवर्टर व चोरी की बाइक बरामद
