जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व टूल किट वितरित
विभिन्न विभागीय योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
करंट विज़न संवददाता
जनपद कानपुर देहात के इको पार्क, माती परिसर में अग्रणी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा के तत्वावधान में वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा की गई। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न बैंकों एवं संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता रही। शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं टूल किट प्रदान किए गए। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं एवं कृषकों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध रखा जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र आवेदक लाभान्वित हो सकें और जनपद के आर्थिक सशक्तिकरण को गति मिल सके।ऋण वितरण का विवरणः शिविर में विभिन्न बैंकों द्वारा कुल 4218 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए, जिनका विवरण निम्नवत है- समस्त बैंकों द्वारा कृषि ऋणः 2156 लाख रुपये। एमएसएमई ऋणः 714 लाख रुपये, अन्य प्राथमिकता प्राप्त ऋणः 100 लाख रुपये, गैर-प्राथमिकता प्राप्त ऋणः 1248 लाख रुपये, विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत-मुख्यमंत्री युवा योजनाः 162 खाते, स्वीकृत 145.92 लाख रुपये, स्वीकृत 79 लाख रुपये वितरित। पीएमएफएमई योजनाः 24 खाते स्वीकृत, 240 लाख रुपये स्वीकृत, सीसीएल (NRLM) योजनाः 23 खाते स्वीकृत, 42.36 लाख रुपये स्वीकृत। पीएम स्वनिधि योजनाः 77 खाते स्वीकृत, 13.25 लाख रुपये स्वीकृत। कस्टम हायरिंग (कृषि)ः 01 खाता स्वीकृत, 24 लाख रुपये स्वीकृत। इसके अतिरिक्त विश्वकर्मा योजना अन्तर्गत लाभार्थियों को टूल किट वितरित किया गया। कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख अमर पाल, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप-क्षेत्रीय प्रमुख संतोष कुमार, नाबार्ड के डीडीएम राहुल यादव, उपाध्यक्ष (उद्यान) प्रभात यादव, उप-निदेशक (कृषि) हरीशंकर भार्गव, जिला उद्यान अधिकारी बलदेव प्रसाद, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री, अग्रणी जिला प्रबंधक राकेश कुमार, सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक सौरभ प्रताप सिंह सहित सभी बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त ऋण का सदुपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करें तथा समय पर ऋण का पुनर्भुगतान सुनिश्चित करें, जिससे अन्य पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों को विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
