करंट विज़न संवाददाता
कानपुर देहात के मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आगामी 22 फरवरी को ईको पार्क माती में आयोजित होने वाले वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार, विस्तृत कार्ययोजना एवं सफल आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि शिविर को भव्य, सुव्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए, जिससे अधिक से अधिक आमजन लाभान्वित हो सकें। उन्होंने सभी विभागों को अनिवार्य रूप से अपने-अपने विभागीय स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक संबंधित विभाग द्वारा लाभार्थियों को शिविर के दौरान योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिविर स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही, जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पंपलेट, ब्रोशर एवं अन्य प्रचार सामग्री समय से छपवाकर उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सके। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विधिक साक्षरता शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि यह शिविर जनहित में सफल एवं प्रभावी सिद्ध हो सके। इस मौके पर डीसी नरेगा अशोक कुमार, उपायुक्त डीसी एनआरएलएम गंगाराम वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
