करंट विज़न संवाददाता
कानपुर :अवध अग्निहोत्र संघ,(A.A.S) लखनऊ के तत्वावधान में, अग्निहोत्र जयन्ती के पावन अवसर पर रायबरेली रोड पर माधव सेवा आश्रम में सांय काल सूर्यास्त के निश्चित समय पर सामूहिक वैदिक यज्ञ अग्निहोत्र संपन्न हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में आगंतुकों एवम अग्निहोत्र-कर्ताओं ने 25 हवनपात्रों में स्वयं अग्निहोत्र करके इसके महत्व को कार्यक्रम में आये लोगों को समझाया। सामूहिक अग्निहोत्र से पूर्व 1 घण्टे का महामृत्युंजय यज्ञ भी जनकल्याण हेतु सभी के द्वारा किया गया। ज्ञातव्य हो कि आज से 63 वर्ष पूर्व, अग्निहोत्र को पुनर्जीवित करते हुये, प्रथम अग्निहोत्र यज्ञ महानुभाव श्रीमाधव जी पोतदार (साहिब जी ) ने आज ही के दिन 22 फरवरी 1963 में महाशिवरात्रि को बैरागढ़ भोपाल में प्रारंभ किया था,तभी से जगह जगह आज के दिन को अग्निहोत्र जयंती के रूप में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है। आयोजन कर्ताओं द्वारा कार्यक्रम में आये सभी लोगों को अग्निहोत्र पत्रक एवम प्रसाद भी बांटा गया। प्रामाणिक वैदिक अग्निहोत्र के असीमित लाभ न केवल यज्ञकर्ता को बल्कि उनके परिवार, समाज और इस पूरी सृष्टि को प्राप्त होते हैं। अग्निहोत्र पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति का सबसे सरल सहज एवम सुगम उपाय है। अग्निहोत्र एक ऐसा सूक्ष्म यज्ञ है जिस पर बहुत कम खर्च में असीमित लाभ मिलता है। वस्तुतः ये परमपिता परमेश्वर के प्रति कृतज्ञता या धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए ,प्रतिदिन सूर्योदय और सूर्यास्त के निश्चित समय पर गाय के घी से मिश्रित दो चुटकी साबुत चावल अक्षत को गाय के कंडों पर अग्नि प्रज्वलित कर आहुति देकर किया जाता है, जो शारीरिक मानसिक और तमाम प्रकार की विषाणु जनित बीमारियों को वातावरण से शीघ्र मिटाने में समर्थ है। जिसे वैज्ञानिकों ने सिद्ध भी किया है। सामूहिक अग्निहोत्र यज्ञ का कार्यक्रम, अवध अग्निहोत्र संघ के श्री रामचंद्र जी के निर्देशन में,श्री सतीश गुप्ता, डॉ निशिकांत मिश्र, श्री प्रदीप दीक्षित, श्री विजय अग्निहोत्री आदि के सहयोग से अत्यंत सफल रहा।
