करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। अमौली चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सरहन बुजुर्ग मजरे छेद्दू का डेरा गांव में दूध लदी तेज रफ्तार पिकअप ने 50 वर्षीय बुजुर्ग को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रमाकांत पुत्र गोकुल प्रसाद के रूप में हुई है। मृतक के भाई उमाकांत ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि रमाकांत रात में खेत में पानी लगाने गए थे। ठंड से बचने के लिए वह सड़क किनारे अलाव जलाकर ताप रहे थे, तभी अज्ञात पिकअप तेज रफ्तार में आई और उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गई।घटना के समय पास स्थित ट्यूबवेल के मालिक ने हादसा देखा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्वजन रमाकांत को निजी वाहन से अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।रमाकांत अपने पीछे पत्नी यशोमती, दो बेटे संदीप (25) और जयदीप (20) तथा 17 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
