भेड़ों को देखते थाना अध्यक्ष विनोद राजपूत
करंट विज़न संपाददाता
दिबियापुर। औरैया ।जनपद के सहायल थाना क्षेत्र के नवी मोहन गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक बाड़े में घुसकर करीब 24 भेड़ों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस घटना में 24 अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। पशुपालक राम लखन ने बताया कि उनके बाड़े में कुल 70 भेड़ें थीं। उनका घर बाड़े से लगभग सौ मीटर दूर है। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब वह भेड़ों को देखने गए,तो उन्होंने मृत और घायल भेड़ों को देखा। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही सहायल थानाध्यक्ष विनोद राजपूत, दारोगा राजीव सिंह और लेखपाल पवन दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे। घायल भेड़ों के इलाज के लिए पशु चिकित्सकों की टीम जुट गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। सहायल थानाध्यक्ष विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि घायल भेड़ों का इलाज करा दिया गया है और मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
