करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों को समय से पोषाहार वितरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण पोषाहार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही पोषण ट्रैकर में शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए, ताकि लाभार्थियों का समुचित डाटा अद्यतन रहे और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।बैठक में यह भी कहा गया कि कुपोषण मुक्त जनपद की दिशा में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। नियमित मॉनिटरिंग और जमीनी स्तर पर सतत अनुश्रवण के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी।
