विधायक कृष्णा पासवान की सख्ती से खुली घटिया सड़क निर्माण की पोल

मौके पर पहुंचकर फावड़े से जांच, गुणवत्ता से समझौता न करने का दिया संदेश

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। खागा विधानसभा क्षेत्र में अइमापुर से रतनपुर तक बन रही सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर पहुंचकर खुद जांच की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने डामर सड़क को फावड़े से खोदकर निर्माण की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी।विधायक कृष्णा पासवान की सक्रियता और जनहित के प्रति सजगता की क्षेत्र में सराहना हो रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मौके पर विधायक ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया और उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उनके इस कदम से विभाग में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने भी विधायक की कार्रवाई की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *