पशुधन मंत्री ने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अच्छे एनजीओ को गौवंश दिए जाएं
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग धर्मपाल सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं गोचर भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।पशुधन मंत्री ने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अच्छे एनजीओ को गौवंश दिए जाएं, सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरा संचालित किए जाएं एवं कंट्रोल रूम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की गौशालाओं में कम से कम 10 दूध देने वाली गाये पाली जाएं। गौशालाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने 6 विभागों की कमेटी बनाई है, जिससे गौशालाएं सही ढंग से संचालित की जा सकें। उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि गौशालाओं का रख-रखाव, सीसीटीवी कैमरे की निगरानी, हरे चारे की व्यवस्था, लू से बचाव के उपाय, विद्युत, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए एवं इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि गाय सुखी रहेगी तो आप भी सुखी रहेंगे एवं भदावरी भैंस का रख-रखाव सही ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि खेती है तो पशु है, पशु है तो किसान है साथ ही उन्होंने कहा कि किसान की दो गुनी आय पशुपालन से होगी। उन्होंने कहा कि बकरी पालन सही ढंग से किया जाए एवं गौशालाओं में निर्माण कार्य कराया जाए साथ ही पशु मेला अवश्य लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि पशु विज्ञान का भी अध्ययन करें एवं पशुओं की सेवा करना हमारा धर्म है। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण के तहत वैक्सीन समय से लगवाई जाएं। उन्होंने कहा कि केयर टेकर का समय से भुगतान किया जाए। जैव विविधता से परिपूर्ण उत्तर प्रदेश में पूरे देश का सर्वाधिक पशुधन है। वर्ष 2019 की 20वीं पशु गणना के अनुसार प्रदेश में 190.20 लाख गोवंश, 330.17 लाख महिषवंश, 9.85 लाख भेड़, 144.80 लाख बकरी एवं 4.09 लाख सूकर है। वर्ष 2025 की 21वीं पशुगणना प्रदेश स्तर पर पूर्ण कर ली गयी है जिसका अन्तिमकरण भारत सरकार के स्तर पर किया जायेगा। वर्ष 2023-24 में 387.79 लाख मीटर टन दुग्ध उत्पादन, 589.48 करोड़ अण्डा उत्पादन, 1259.00 हजार टन मांस उत्पादन तथा 8.29 लाख किग्रा. ऊन उत्पादन हुआ। मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम द्वारा मंत्री धर्मपाल सिंह का आभार व्यक्त किया। बैठक में जिलाध्यक्ष बीजेपी अन्नू गुप्ता, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज, डिप्टी सीवीओ सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश देते राज्यमंत्री धर्मपाल सिंह।
