सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा से प्रभावित लोगों को शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता शीघ्र और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए
करंट विज़न संवाददाता
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति के सभापति लालजी प्रसाद निर्मल की अध्यक्षता में सर्किट हाउस प्रयागराज में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य मानसिंह यादव और हंसराज विश्वकर्मा सहित प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में समिति ने विभिन्न विभागों द्वारा दैवीय आपदाओं से निपटने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा से प्रभावित लोगों को शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता शीघ्र और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लू, वज्रपात, भारी वर्षा, शीतलहर, बाढ़ और सर्पदंश जैसी आपदाओं से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।सर्पदंश की घटनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कहा कि आमजन को “क्या करें और क्या न करें” की जानकारी विभिन्न माध्यमों से दी जाए। साथ ही सर्पदंश से मृत्यु होने की स्थिति में सरकारी सहायता प्राप्त करने के लिए पोस्टमार्टम अनिवार्य रूप से कराए जाने की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारियों को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी वेनम इंजेक्शन सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे क्षेत्रों के लिए स्थायी कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे जनहानि और धनहानि को कम किया जा सके।अंत में जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा ने समिति को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
