भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं अहंकार, अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने का संदेश देती हैं – शिवपाल सिंह

–वृंदावन के कथावाचक कोकिल पुष्प महाराज ने गोवर्धन लीला का किया वर्णन

शावेज़ नक़वी
इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र खटखटा बाबा आश्रम पर आयोजित कथा समारोह में श्रद्धा, भक्ति और भजन का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर वृंदावन से आये प्रसिद्ध कथावाचक कोकिल पुष्प महाराज ने गोवर्धन लीला का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को चूर कर ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाया। उन्होंने कहा कि यह लीला हमें सिखाती है कि ईश्वर पर अटूट विश्वास और सत्य के मार्ग पर चलने से हर संकट पर विजय प्राप्त की जा सकती है। कथा समारोह में विशेष रूप से उपस्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं आज भी मानव जीवन के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें अन्याय, अहंकार व अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने का संदेश देती हैं। उन्होंने आश्रम में चल रहे धार्मिक आयोजनों की सराहना करते हुए आयोजकों को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खटखटा बाबा मंदिर के पीठाधीश्वर मोहन गिरी महाराज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव को सम्मानित किया। कथा समारोह में जसवंतनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, कथा श्रवण और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों व श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर राम नरेश मिनी पूर्व एमएलसी, राहुल गुप्ता नगर अध्यक्ष, रामवीर यादव, खन्ना यादव, राजपाल यादव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *