इटावा। जिले में कड़ाके की सर्दी के बीच घने कोहरे के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। सुबह तड़के से ही शहर और आसपास के इलाकों में कोहरे की घनी परत छाई रही, जिससे आसमान में धुंध छाई रही। कोहरे और ठंड का रेल और सड़क यातायात पर बुरा असर पड़ा है, वहीं तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान घटकर करीब 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पडा। तड़के सुबह से इटावा की सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में वाहन चालकों को आगे का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दिया, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को खासा सतर्क रहना पड़ा और आम दिनचर्या प्रभावित होती नजर आई। घने कोहरे का असर शहर की ऐतिहासिक इमारतों पर भी साफ दिखाई दिया। शहर का प्रसिद्ध विक्टोरिया हॉल कोहरे की वजह से धुंधला नजर आया। इसी तरह पक्का तालाब स्थित सम्राट अशोक स्मारक भी साफ दिखाई नहीं दे सका जिससे शहर की पहचान मानी जाने वाली ये धरोहरें कोहरे में गुम सी हो गईं। कोहरे के चलते ट्रेनों की गति धीमी रही और कई वाहनों को धीमी रफ्तार से चलना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की कतारें नजर आईं और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। कड़ाके की सर्दी के बीच तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इटावा का न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आए, वहीं सुबह और रात के समय ठिठुरन ज्यादा महसूस की गई। सड़कों पर छाया घना कोहरा।
घने कोहरे के चलते छाई रही धुंध, जनजीवन अस्त व्यस्त
